10 मई 2019 - 15:20
अमरीका और चीन के व्यापार युद्ध से पूरी दुनिया के सामने चुनौतीः फ्रांस

फ़्रांस ने अमरीका और चीन के बीच जारी व्यापार युद्ध पर गहरी चिंता जताई है।

फ़्रांस के वित्तमंत्री का कहना है कि चीन तथा अमरीका के बीच बढ़ता व्यापार युद्ध, वैश्विक विकास के लिए गंभीर चुनौती है।  ब्रूनो लमायेर ने कहा कि वर्तमान समय में अमरीका और चीन के बीच जिस प्रकार से व्यापार युद्ध चल रहा है वह जहां एक ओर यूरोप में रोज़गार के अवसरों के लिए चुनौती है वहीं पर वैश्विक विकास में भी बाधा का कारण बन रहा है।  उन्होंने कहा इससे लगता है कि टैरिफ़ में वृद्धि होगी और वस्तुओं के वितरण में कमी आएगी।  ब्रूनो लमायेर का कहना था कि इस प्रक्रिया से फ़्रांस सहित पूरे यूरोप में रोज़गार के अवसर घटेंगे।

ज्ञात रहे कि अमरीका ने चीनी उत्पादों पर आयात शुल्क 10 प्रतिशत से बढाकर 25 प्रतिशत कर दिया है।  अमरीका ने शुक्रवार को 200 अरब डाॅलर के चीनी उत्पादों पर आयात शुल्क 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर दिया है।  ट्रम्प ने यह भी कहा है कि अल्प अवधि के बाद आयातित 325 अरब डाॅलर की वस्तुओं पर भी 25 प्रतिशत का शुल्क लगाया जाएगा।  चीन ने इसपर जवाबी कार्यवाही की धमकी दी है।